रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) द्वारा दिव्यांग समावेशी समझ को बढ़ावा देना विषय पर स्थानीय विश्वास पुनर्वास केंद्र तथा हांसपुर रोड पर स्थित सद्गुरु कृपा अपना घर वृद्ध आश्रम में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता सुभाष जांगू व सुमन लता ने उपस्थिजन को कानूनी पहलुओं व उनके अधिकारों की जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सभी के लिए समान गरिमा और अवसर को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पैनल अधिवक्ता सुभाष जांगू ने कहा कि यह आयोजन सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप एक समावेशी और सुलभ समाज के निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है तथा यह सुनिश्चित करता है कि कोई भी व्यक्ति पीछे न छूटे। उन्होंने दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका पूर्ण और प्रभावी समावेशन ही वास्तविक सामाजिक प्रगति की कुंजी है।
पैनल अधिवक्ता सुमन लता ने उपस्थित दिव्यांग बच्चों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि वह दिव्यांग बच्चों को न केवल स्वीकार करे, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा, प्रशिक्षण और सामाजिक सहयोग प्रदान करे। उन्होंने कहा कि जागरूकता और संवेदनशीलता ही वह साधन है, जो दिव्यांग व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोडऩे और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
