
न्यूज़.सिंघाना। विश्व भारती स्कूल, सिंघाना में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा मानव शृंखला बनाकर की गई, जिसके माध्यम से एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने एड्स के कारण, लक्षण, संक्रमण के मार्ग और सावधानियों को दर्शाते हुए जानकारीपूर्ण पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रातः कालीन सभा में विज्ञान शिक्षिका पूजा यादव ने विद्यार्थियों को एड्स से संबंधित वैज्ञानिक तथ्यों, इसके फैलने और बचाव के तरीकों के बारे में सरल एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की। विद्यालय के निदेशक श्री कृष्ण यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
