
पचेरी।
कला, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, रोजगार सृजन तथा गौरवशाली बलौदा वंश के इतिहास को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित अखिल भारतीय बलौदा सम्मेलन का प्रथम अधिवेशन रविवार, 21 दिसम्बर 2025 को दादा साद्य आश्रम, जैतपुर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में राजस्थान व हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में बलौदा गौत्र के लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता कर्नल सुरजभान बलौदा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सचिव हरियाणा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक बलवान सिंह बलौदा दौलतपुरिया रहे। उन्होंने समाज की एकजुटता, शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि बलौदा वंश का इतिहास गौरवशाली रहा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथियों में खाटू श्याम जी नगरपालिका के उपाध्यक्ष व पार्षद शंकरराम बलौदा, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी रणधीर बलौदा (सारंगपुर) तथा युवा जोश के उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुमित बलौदा शामिल रहे। इस अवसर पर संगठनात्मक मजबूती के लिए समिति का विस्तार भी किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज बलौदा ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में जैतपुर सहित राजस्थान एवं हरियाणा के विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में बलौदा गौत्र के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार, सांस्कृतिक संरक्षण तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। सम्मेलन के अंत में समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया तथा भविष्य में नियमित रूप से ऐसे आयोजनों के माध्यम से बलौदा समाज की पहचान और विरासत को सशक्त बनाने पर सहमति बनी।
