नवनियुक्त शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की अध्यक्षता में पहली बैठक; कई भाजपा व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता
सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोरी के खिलाफ विशाल रैली’ की तैयारियों को लेकर बीकानेर शहर कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
नवनियुक्त शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बीकानेर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं को रेल, बस और निजी वाहनों से दिल्ली ले जाने की रणनीति पर चर्चा हुई। मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार एफआईआर के नाम पर वोट चोरी कर रही है, जिसके खिलाफ बीकानेर से रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रभारी विधायक श्रीमती शिमला नायक ने नए अध्यक्ष को बधाई देते हुए कांग्रेस को एकजुट होकर लड़ने और दिल्ली रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और गोविंद राम मेघवाल ने भाजपा पर धर्म और गाय के नाम पर राजनीति करने तथा बीडीए के नाम पर जमीन हड़पने की तैयारी करने का आरोप लगाया। निर्वतमान अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और नवनियुक्त अध्यक्ष के साथ मिलकर काम करने का आश्वासन दिया। बैठक में देहात अध्यक्ष बिशानाराम सियाग, जिया उर रहमान आरिफ, गजेंद्र सिंह सांखला सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से प्रभावित होकर राजकुमार हाटीला, मकबूल हसन, विनोद तिवारी, मोहम्मद जूनैद, अख्तर अली और ओमप्रकाश कड़ेला सहित कई भाजपा व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
