रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना।
नीमराना उपखंड के डूमरोली ग्राम पंचायत स्थित दादा वाले जोहड़ के बाबा तुलसीदास मंदिर परिसर में आज भक्ति और उल्लास का संगम देखने को मिला। श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस वर्षगांठ समारोह में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रधान बलवान सिंह यादव का भव्य स्वागत इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता और नीमराना पंचायत समिति प्रधान बलवान सिंह यादव उपस्थित रहे। मंदिर परिसर पहुंचने पर ग्रामवासियों और आयोजन समिति ने प्रधान का माला एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान बलवान सिंह यादव ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हमारे जीवन में संस्कारों और आदर्शों के आधार हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे धार्मिक आयोजन केवल आस्था का केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये समाज में आपसी भाईचारे और गौरवशाली संस्कृति को मजबूत करने का काम करते हैं।” प्रधान ने क्षेत्र को 10 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात धार्मिक उत्सव की खुशियों को दोगुना करते हुए ग्राम पंचायत डूमरोली के लिए 10 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पंचायत समिति क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकास की गति थमेगी नहीं और जनता की जरूरतों के अनुरूप नई योजनाएं निरंतर लाई जाएंगी। कार्यक्रम में डूमरोली सरपंच सुनील कुमार, मेला कमेटी अध्यक्ष मुकेश, अमी लाल, संजय यादव, नितिन शर्मा, रामकुमार, दिलीप पंच सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
