उपभोक्ता संरक्षण की मेरुदण्ड अधिवक्ता समुदाय है : मील
डॉ राजेन्द्र प्रसाद को याद किया गया
भीम प्रज्ञा न्यूज़ झुंझुनूं ।
उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील के नेतृत्व में 30 दिवसीय Consumer’s Voice न्यायोत्सव कार्यक्रम के अन्तर्गत
राष्ट्रीय अधिवक्ता दिवस 2025 के उपलक्ष्य में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग एवं जिला अभिभाषक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में “उपभोक्ता संरक्षण एवं जागरूकता में अधिवक्तागण का अतुलनीय योगदान” विषयक संगोष्ठी बुधवार को आयोजित हुई।
उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने सम्बोधित करते हुए कहा कि उपभोक्ता संरक्षण की मेरुदण्ड अधिवक्ता समुदाय है। जिस प्रकार से डॉ राजेन्द्र प्रसाद ने देश का नेतृत्व समानतामुलक शासन व्यवस्था लागू कर आम भारतीय के अधिकारों को संरक्षण दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई है। वैसे ही वर्तमान समय में अधिवक्ता समुदाय को उपभोक्ता संरक्षण एवं जागरूकता के लिए पहल करने की महत्ती आवश्यकता है।
मील ने जिला अभिभाषक संस्था के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि पीड़ित उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय दिलाने में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
मील ने कहा कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम केवल शिकायतों के निस्तारण का कानून नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों की रक्षा करने में सशक्त न्यायिक व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की भूमिका केवल वकालत तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को न्याय दिलाने और सही जानकारी उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी है।
जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट सुभाष पूनियां ने सम्बोधित करते हुए कहा कि हरेक परिस्थितियों में अधिवक्ता समुदाय सजगता से पीड़ितों को न्याय दिलाने में हमेशा अग्रणी रहा है। उपभोक्ता संरक्षण के लिए उपभोक्ता आयोग द्वारा की जाने वाली नई पहल में पूरा सहयोग किया जायेगा।
संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए एडवोकेट भगवान सिंह शेखावत ने अधिवक्ता समुदाय की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि शासन व्यवस्था से पीड़ितों को राहत दिलाना अधिवक्ता का दायित्व है। जिसे अधिवक्ता समुदाय हमेशा निभाता आ रहा है।
वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अभिभाषक संस्था के पूर्व अध्यक्ष बिरजू सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा कि देश कि आजादी एवं संविधान निर्माण में अधिवक्ताओं का अतुलनीय योगदान रहा है। वर्तमान समय में भी सीमाओं से परे जाकर भी अधिवक्ता समुदाय की एकता की आवाज़ में हरेक अधिवक्ता हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता आ रहा है।
जिला अभिभाषक संस्था के सचिव पवन कुमार धौलपुरिया ने आभार व्यक्त किया।
उपभोक्ता संरक्षण एवं जागरूकता में अधिवक्तागण का अतुलनीय योगदान विषयक संगोष्ठी में
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के सदस्य प्रमेन्द्र कुमार सैनी, पूर्व अध्यक्ष विजय ओला, दिपेन्द्र सिंह, उपाध्याय सुरेश महला, एडवोकेट उम्मेद भाम्बू, कमलेशकुमार, द्वारका प्रसाद वर्मा, किरण बियाला, रविंद्र लाम्बा,कुलदीप सिंह, कृष्ण कुमार शर्मा, अजय स्वामी, मोहम्मद फारूक, राजेश खेदड़, उम्मेद सिंह, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थिति रहे।

