न्यूज़.पचेरी। मंगलवार को रायपुर अहिरान से सांतौर की राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल तक नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि विधायक प्रत्याशी संतोष अहलावत रहीं। कार्यक्रम में भाजपा नेता विकास भालोठिया, पूर्व उपप्रधान राजपाल सिंह तंवर, रसूलपुर सरपंच सुनीत यादव, भाजपा नेता भरत बोहरा, पूर्व चेयरमैन दशरथ सिंह तंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। समारोह के दौरान दिव्यांग कुलदीप सैन की विशेष रूप से चर्चा रही क्योंकि इस सड़क निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने गांव स्तर से लेकर जयपुर तक लगातार संघर्ष किया था। उन्होंने उप मुख्यमंत्री दिव्या कुमारी की जनसुनवाई में स्वयं उपस्थित होकर सड़क की समस्या से अवगत कराया था। इसके चलते ग्रामीणों और अतिथियों द्वारा दिव्यांग कुलदीप सैन का सार्वजनिक रूप से सम्मान भी किया गया और सड़क निर्माण का श्रेय उन्हें दिया गया। ग्राम की महिलाओं और ग्रामीणों ने मंच से कहा कि इस सड़क के लिए कुलदीप सैन ने धरना प्रदर्शन किए, ज्ञापन सौंपे और मंत्रियों व उप मुख्यमंत्री से मिलकर लगातार प्रयास किए। उनका कहना था कि जब तक सरकार द्वारा बजट में सड़क की स्वीकृति नहीं हुई तब तक क्षेत्र के किसी भी नेता का कोई योगदान सामने नहीं आया। बजट में मंजूरी मिलने के बाद ही जनप्रतिनिधियों ने इस कार्य को अपने प्रयासों से जोड़ना शुरू किया। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुलदीप सैन पचेरी से भालोठ सड़क मार्ग की मांग को लेकर भी काफी समय से सक्रिय रहे हैं और इस मुद्दे को लेकर उपखंड मुख्यालय से लेकर जयपुर मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचे थे। उनके प्रयासों के बाद ही सरकार ने इस सड़क के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण की स्वीकृति दी थी।
क्षेत्र में दिव्यांग कुलदीप सैन को लेकर यह चर्चा आम है कि शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद वे गांव और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ग्रामीणों ने उनके जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोगों से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए।उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं पुरुष और युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान फीता काटकर सड़क का विधिवत शुभारंभ किया गया और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने का परिणाम बताया।
इस मौके पर सूरजभान, रामनिवास, हवा सिंह, रोहिताश ढाणी रायपुर, ईश्वर, देशराज, यादराम मास्टर, सज्जन सिंह रायपुर, फूलचंद यादव सातौंर, विशंभर दयाल शर्मा, महेश कप्तान साहब, रामजीलाल मास्टर, सुभाष शर्मा, बुधराम कप्तान साहब, माडूराम, सुरेश, वीर सिंह मास्टर, रामनिवास, अनूप यादव, भगवती देवी पंच, माया देवी भूतपूर्व सरपंच सांतौर, राजबाला देवी, ग्यारसी देवी, भतेरी देवी सरपंच ग्राम रायपुर समेत काफी ग्रामीणों की उपस्थिति रहीं।

