रजत विजय रंगा@ भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद।
फतेहाबाद जिले में अपराधियों पर पूरी तरह नकेल कसने के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस के दृढ़ नेतृत्व और रणनीतिक मार्गदर्शन का सीधा परिणाम है कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन निरंतर बड़ी सफलताएँ दर्ज कर रहा है। उनके नेतृत्व में पुलिस ने एक ही दिन में 9 कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार कर एक और अहम उपलब्धि हासिल की है। इनमें हथियार के बल पर धमकी देने वाले, नशा तस्करी में सक्रिय तथा अवैध हथियार रखने वाले आरोपी शामिल हैं। ताजा कार्रवाई के बाद अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है—जो जिले में बढ़ी पुलिस कार्रवाई की प्रभावशीलता को दर्शाती है।
एसपी सिद्धांत जैन की सख़्त नीति—अपराधियों में खौफ, जनता में भरोसा
अभियान की जानकारी साझा करते हुए एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन का मकसद जिले में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ तेज़, त्वरित और परिणामकारी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि उनके निर्देशानुसार गठित विशेष टीमें नशा तस्करी, चोरी, मारपीट, संगठित अपराध तथा वारंट फरार आरोपियों पर लगातार निगरानी रख रही हैं। बीते 24 घंटों में पकड़े गए 9 आरोपी लंबे समय से पुलिस की तलाश में थे। एसपी जैन के नेतृत्व में जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए बनाई गई रणनीति का सीधा असर अब जमीन पर दिखाई दे रहा है अपराधी भूमिगत होने लगे हैं और आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है।
डीजीपी के निर्देश पर पूरे हरियाणा में अभियान तेज
हरियाणा के माननीय पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह, आईपीएस के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में ऑपरेशन ट्रैकडाउन चल रहा है। इसी अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, स्नैचिंग, अवैध हथियार तस्करी और नशा तस्करी में सक्रिय अपराधियों पर लगातार प्रहार कर रही है। एसपी सिद्धांत जैन के नेतृत्व में अब तक 49 कुख्यात अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है, जो जिले में पुलिस की सक्रियता और अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट प्रमाण है।
