-इमरजेंसी सेवाएं होगी प्रभावित, प्रशासन सचेत
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज के आह्वान पर चिकित्सक विभिन्न मांगों के समर्थन में 8 और 9 दिसंबर को हड़ताल पर जा रहे हैं। इस दिन अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में भी चिकित्सक ड्यूटी नहीं करेंगे और पोस्टमार्टम से भी इनकार किया है। इस कारण जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। नागरिक अस्पताल में 6 से 7 विशेषज्ञों की ओपीडी है। हालांकि बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी जारी रह सकती है। वजह यह है कि यहां पर एनएचएम के तहत विशेषज्ञ तैनात हैं। इसके अलावा नेत्र रोग, ईनएटी, मनोरोग, हड्डी रोग, सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञों की ओपीडी बंद रह सकती है। नागरिक अस्पताल में रोजाना 1000 से 1100 मरीजों की ओपीडी रहती है। नागरिक अस्पताल में इमरजेंसी सेवाओं को चलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत तैनात चिकित्सकों की ड्यूटी लगा सकते हैं। चिकित्सक पहले भी दो घंटे की पैन डाउन हड़ताल कर चुके हैं। जिला प्रधान डॉ. भरत सहारण का कहना है कि सरकार एसएमओ के पद पर सीधी भर्ती कर रही है। इसका विरोध जारी है और 8 व 9 दिसंबर को चिकित्सक पूरी तरह से हड़ताल पर रहेंगे। चिकित्सक इमरजेंसी वार्ड भी में ड्यूटी नहीं करेंगे।
