-पूर्व विधायक दुड़ाराम ने किया तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ
-गीता जीवन को सही दिशा देने वाला एक महान ग्रंथ : दुड़ाराम
-हवन, स्वस्तिवाचन व दीप प्रज्ज्वलन से गीता जयंती महोत्सव में दिखी सांस्कृतिक विरासत
-गीता महोत्सव में लोक कलाकारों सहित स्कूली विद्यार्थियों ने बांधा समां
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। जिला स्तर पर शनिवार को स्थानीय पंचायत भवन में तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का हवन, मंत्रोच्चारण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ भव्य आगाज हुआ। गीता महोत्सव में अध्यात्म, कला, ज्ञान व संस्कृति का अनूठा संगम दिखाई दिया। गीता जयंती महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक विधा के रूप में जहां गीता ज्ञान की गंगा प्रवाहित हुई, वहीं सरकार की जनहितकारी नीतियों व योजनाओं की जानकारी लोगों तक प्रदर्शनी के माध्यम से पहुंचाई गई। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा व जिला प्रशासन फतेहाबाद की संयुक्त भागीदारी के साथ आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम द्वारा किया गया। गीता जयंती महोत्सव में पूर्व विधायक दुड़ाराम सहित गणमान्यजनों ने हवन में आहुति डालने के बाद सांस्कृतिक मंच से गीता पूजन करते हुए दीप प्रज्ज्वलन कर गीता जयंती महोत्सव का गरिमामयी ढंग से शुभारंभ किया। इसके बाद पूर्व विधायक दुड़ाराम ने रिबन काटकर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई अंत्योदय व जनकल्याण को समर्पित प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए अन्य विभागों व धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
श्रीमद्भगवत गीता जीवन को सही दिशा देने वाला एक महान ग्रंथ : दुड़ाराम
पूर्व विधायक दुड़ाराम ने तीन दिवसीय गीता महोत्सव पर आए हुए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीमद्भगवत गीता जीवन पथ पर कर्मों और नियमों के साथ चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि गीता जीवन को सही दिशा देने वाला एक महान ग्रंथ है और यह जीवन जीने की राह दिखाती है। गीता हमे सिखाती है के हमे कर्तव्य और ईमानदारी से कर्म करना चाहिए।इसी प्रकार गीता महोत्सव के दूसरे दिन 30 नवंबर को जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी वहीं गीता पर आधारित सेमिनार का आयोजन होगा, जिसमें अलग-अलग स्थानों के प्रख्यात एवं बुद्धिजीवी विद्वान श्रीमद भगवत गीता में व्याप्त ज्ञान का बखान करेंगे।
सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र:-
गीता जयंती महोत्सव में जहां स्टॉलों पर लोगों की खूब भीड़ लगी रही और योजनाओं को लेकर पंजीकरण भी करवाया गया। वहीं श्रीमद भगवत गीता पर आधारित बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। आरटीए, महिला एवं बाल विकास और नगर परिषद द्वारा स्थापित किए गए इन सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचने के लिए युवा, महिला व बच्चों सहित बुजुर्गों की भी भीड लगी रही।
जिला स्तरीय गीता महोत्सव की शुरुआत में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उपनिदेशक अमित पंवार ने मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दुड़ाराम सहित गणमान्य अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गीता जयंती केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि संस्कृति, शिक्षा, कला व जनजागरण का व्यापक मंच है। इस दौरान उपनिदेशक अमित पंवार ने तीन दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी दी।इस अवसर पर एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम राजेश कुमार, आरटीए सचिव संजय बिश्नोई, जिप सीईओ सुरेश कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश शर्मा, नप उपाध्यक्ष सविता टुटेजा, वाइस चेयरमेन बंसीलाल जांडवाला, मनदीप योगी, सीताराम, डीआरओ श्याम लाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीईओ संगीता बिश्नोई, डीडब्ल्यूओ विनोद चावला, जगदीश शर्मा, अशोक जाखड़, जसवंत माचरा, एडवोकेट संत कुमार टुटेजा, विकास शर्मा, मेनपाल गोदारा, सीता राम पूनिया, पूनम सिंगला, सुदामा शास्त्री, अशोक शर्मा, रमेश बेनीवाल, नीलम मेहता, सुमन बजाज, भारती अरोड़ा, विजय जांगड़ा, राजेंद्र सरबटा, राजू मोटियार, शहर और ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व विभिन्न स्कूलों के बच्चे उपस्थित रहे।
