गोठड़ा में होली सम्मेलन: सामाजिक समरसता का संदेश, पदोन्नत अधिकारियों का नागरिक अभिनंदन
भाईचारे, नशामुक्ति और सामाजिक उत्थान पर हुआ चिंतन-मंथन
भीम प्रज्ञा न्यूज़ खेतड़ी नगर।
वार्ड नंबर 3, गोठड़ा में ईश्वर सिंह मेघवाल की अध्यक्षता में होली सम्मेलन कार्यक्रम उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सर्व समाज की ओर से हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, खेतड़ी नगर के महाप्रबंधक वी.के. इंद्रा तथा सीमा सुरक्षा बल, जोधपुर के उपमहानिरीक्षक राजपाल सिंह के पदोन्नति पर साफा, माला, स्मृति चिन्ह और गुलाल लगाकर नागरिक अभिनंदन किया गया।
सम्मेलन का वातावरण पारंपरिक होली स्नेह मिलन की आत्मीयता से ओत-प्रोत रहा। वक्ताओं ने कहा कि त्योहार केवल रंगों का नहीं, बल्कि मनों को जोड़ने का अवसर होते हैं। सामाजिक विसंगतियों को दूर कर आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची होली है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक दशा-दिशा पर गंभीर चिंतन-मंथन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति समाज के उत्थान की गति पर निर्भर करती है। इसलिए छोटे-मोटे मनमुटाव भुलाकर सबको साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है। विशेष रूप से विवाह समारोहों और त्योहारों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे रोकने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सिंघाना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बाबूलाल कालोरिया, सुरेश चितौसा, ढ़ाणा सरपंच विकास सैनी, नासिर हुसैन, अनिल बोहरा, दलीप सिंह वैहिया, रमेश मेघवाल मांदरी, सीताराम त्यागी, हरलाल सैनी, लीलाधर मेघवाल, गोपालराम चनानियां, रामावतार मरोडिया, मिंटू बहादुर सिंह मेहरड़ा, महेंद्र सिंह, सुमित कुमार, विवान, पवन सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट हरेश पंवार ने प्रभावशाली ढंग से किया।
सम्मेलन में यह संदेश दिया गया कि होली जैसे पर्व समाज को जोड़ने का माध्यम हैं। यदि हम त्योहारों को सकारात्मक सोच, सामाजिक समरसता और नशामुक्त वातावरण के साथ मनाएं तो यही सच्चे अर्थों में उत्सव की सफलता होगी। कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों में नई ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जागृत किया।
