दीप प्रज्वलन से फेयरवेल तक: न्यू ईडन में सम्मान और उमंग का संगम
संस्कारयुक्त शिक्षा का संदेश, रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ सजा सम्मान समारोह
भीम प्रज्ञा न्यूज़.सिंघाना। स्थानीय न्यू ईडन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम) में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों की सजीव उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया। समारोह के मुख्य अतिथि संस्था निदेशक डॉ. अनिल गोदारा रहे। विशिष्ट अतिथियों में न्यू ईडन पीजी गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनीता, न्यू इंडियन स्कूल की संस्था अध्यक्ष श्रीमती सरिता, विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार यादव तथा न्यू इंडियन इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती पिंकी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संस्कारयुक्त शिक्षा का संदेश- डॉ गोदारा

मुख्य अतिथि डॉ. अनिल गोदारा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा के पालन, शिक्षकों को प्रेरणास्रोत मानने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर उन्होंने विशेष रूप से कहा कि विद्यार्थी किसी भी प्रकार के संदेह या भ्रम में न रहें, बल्कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत वेलकम गीत से किया। इसके पश्चात प्रियांशु, तनीषा, रितिका, दिव्यांशी, रिंकू, योगेश एवं उनकी टीम ने “मरुधरिया में चाले ऊंट गाड़ो” पर आकर्षक प्रस्तुति दी। रितिका एवं समूह ने “फनी डांस” प्रस्तुत किया, वहीं आशा एवं साथियों ने “चाचा चौधरी” पर मनोरंजक प्रस्तुति दी। खुशी सोमरा, मनीषा और बिट्टू ने “लंदन ठुमकदा” सहित राजस्थानी, पंजाबी और हिंदी लोक संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
परंपरा और सम्मान की अनूठी मिसाल
कक्षा 11 के जूनियर विद्यार्थियों ने कक्षा 12 के सीनियर विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। वहीं सीनियर विद्यार्थियों ने भी अपने शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दृश्य भावुक और प्रेरणादायक रहा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनीता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सीमित अवसरों का भरपूर लाभ उठाकर अपने लिए सफलता के द्वार खोलें, ताकि देश, समाज और माता-पिता का नाम रोशन हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिस्टर और मिस फेयरवेल का चयन
कार्यक्रम के दौरान पीयूष कुमावत को मिस्टर फेयरवेल तथा भावना को मिस फेयरवेल घोषित किया गया। इस अवसर पर स्टाफ सदस्य भीम सिंह यादव, संतोष कुमार, विजेंद्र सिंह, विजेंद्र कुमार सैनी, अजीत सिंह, रितु शर्मा, सुनीता सिंह, चेतना, पूनम, सुशीला, रविंद्र सिंह, राजेश कुमार, ज्योति भाटी, रचना यादव, ममता, मनीषा, विजय सिंह, सोमवीर सिंह, सुमित्रा सहित अनेक गणमान्य अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा प्रियांशु एवं दीक्षा ने किया। समारोह ने विद्यार्थियों को न केवल सम्मान का अनुभव कराया, बल्कि शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।


