ग्राम्य वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समिति के प्रयास विफल, असामाजिक तत्वों के हाथ होने का संदेह
भीम प्रज्ञा न्यूज़.सोलाना। सोलाना नदी क्षेत्र में एक बार फिर आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है, जिसने ग्राम्य वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समिति सोलाना के वर्षों के प्रयासों को पल भर में राख कर दिया। समिति द्वारा करीब 26 हेक्टेयर भूमि में लगाए गए हजारों पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए। यह घटना क्षेत्र में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यह जानकारी देते हुए मोहर सिंह सोलाना ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग बुझाने के प्रयास में दमकल भी सफल नहीं हो सकी। इस आगजनी से नव विकसित वन क्षेत्र को भयंकर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में आगजनी हुई थी, जिससे पेड़-पौधों का भारी नुकसान हुआ था। सोलाना ने आशंका जताई है कि इस क्षेत्र में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है जो प्राकृतिक पैदावार और हरियाली को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। मोहर सिंह सोलाना ने सरकार और प्रशासन से इस गंभीर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और बहुमूल्य पेड़-पौधों तथा प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। स्थानीय निवासियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि असामाजिक तत्वों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो क्षेत्र की हरियाली को बचाना मुश्किल हो जाएगा।
