झुंझुनूं के दीपक जेवरिया बने महेंद्रगढ़ (नारनौल) के पुलिस अधीक्षक
रंवा गांव से आईपीएस बनकर पहुंचे शिखर तक, नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी की लहर
भीम प्रज्ञा न्यूज़ झुंझुनूं।
झुंझुनूं जिले के छोटे से गांव रंवा से निकलकर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान बनाने वाले दीपक जेवरिया को हरियाणा सरकार ने महेंद्रगढ़ (नारनौल) जिले का पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया है। सीमावर्ती जिले में उनकी नियुक्ति से झुंझुनूं सहित आसपास के क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
दीपक जेवरिया एक शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके दादा गुरुदयाल जेवरिया गांव रंवा-दूदवा के पंच रह चुके हैं, जबकि छोटे दादा पहलाद राय जेवरिया भी आईपीएस अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। परिवार में प्रशासनिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रघुवीर प्रसाद जेवरिया ने प्रवर्तन निरीक्षक के पद पर कार्य किया है।
उनके पिता राम अवतार जेवरिया शिक्षा विभाग में प्रिंसिपल के पद पर विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। परिवार की नई पीढ़ी भी प्रशासनिक सेवाओं में लगातार आगे बढ़ रही है। उनकी भतीजी प्रीति जेवरिया ने भी वर्ष 2026 बैच में आईपीएस बनकर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
झुंझुनूं जिले में जेवरिया परिवार शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र में लंबे समय से अग्रणी रहा है। दीपक जेवरिया की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है और लोग इसे जिले के लिए गौरव का क्षण मान रहे हैं।
