रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना।
नीमराना में दिल्ली रोड पर जनकसिंहपुरा गांव के पास शुक्रवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। हाईवे से गुजर रही कैंटर गाड़ी का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर सर्विस लाइन पर पलट गया। हादसे में चालक सुवालाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को हाईवे एंबुलेंस की मदद से तुरंत इंदू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही नीमराना थाने के हैड कांस्टेबल महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कैंटर में भारी मात्रा में सामान भरा हुआ था, जिसके चलते वाहन को सीधा करने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। दो हाइड्रा की मदद से कैंटर को उठाने का प्रयास जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के ड्यूटी इंचार्ज देवेंद्र कुमार की टीम हाईवे को सुचारु रुप से चालू रखने के लिए काम कर रही है।
