कार्यक्रम में सांसद बराला ने स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने रविवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव कन्हड़ी के बूथ नंबर 154 पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीण नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन-जन को प्रेरणा देने वाले कार्यक्रम मन की बात को सुना। बूथ स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सांसद सुभाष बराला ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि नए भारत के निर्माण का जन आंदोलन है। प्रधानमंत्री जी ने इसमें देश की उन्नति, समाज की भागीदारी, युवाओं की भूमिका, पर्यावरण संरक्षण, लोक संस्कृति एवं आत्मनिर्भर भारत से जुड़े बेहतरीन विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश देश की जनता को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सांसद बराला ने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की उत्सुकता, समर्पण, समय की पाबंदी और सक्रिय भागीदारी यह प्रमाणित करती है कि भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति गांवों की मिट्टी से ही उपजी है। उन्होंने कहा कि आज लोगों का भाजपा की नीतियों पर विश्वास और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का बूथ ही पार्टी की बुनियाद है, और बूथ का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा का सशक्त प्रतिनिधि है। सांसद ने कार्यकर्ताओं को बूथ को और अधिक मजबूत बनाने, घर-घर पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और समाज के हर वर्ग को जोड़ने का आह्वान किया।
इसके साथ ही सांसद बराला ने ग्रामीणों को स्वदेशी अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, और यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सांसद ने स्वयं कार्यकर्ताओं के घरों पर स्वदेशी अपनाएं स्टीकर लगाकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की और अपील की कि छोटे दुकानदारों, कारीगरों, किसानों और स्थानीय उद्यमियों का समर्थन करके हम विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक अपनी भूमिका समझे और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाए। सांसद ने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा, खेल, पर्यावरण, स्वच्छता और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सक्रिय योगदान देकर अपना भविष्य और राष्ट्र का भविष्य मजबूत करें। कार्यक्रम में रमन मड़िया, दलजीत नैन, कृष्ण नैन, रामेहर नैन, अमरजीत नैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहें।
