-नतमस्तक हुए नन्हे कदम, सिर नवाया शहीद-ए-धरम श्री गुरु तेग बहादुर जी को
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना।
शहीद-ए-धरम श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहादत दिवस पर बजरंग मॉडल स्कूल टोहाना के छात्रों ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा धमतान साहिब में पहुंचकर नमन किया। नन्हे-नन्हे बच्चों ने अरदास कर मानवता, भाईचारा और सत्य के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सत्संग में बच्चों ने गुरु साहिब की महान कुर्बानी, त्याग और धर्म की रक्षा हेतु दिए गए अप्रतिम योगदान के बारे में जाना। कार्यक्रम के दौरान गुरु घर में कीर्तन की मधुर धुनों में बच्चे सिर नवाते नजर आए। बच्चों को गुरुद्वारा परिसर, इतिहास और गुरु साहिब के जीवन-संदेश के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों में संस्कार, विनम्रता और इंसानियत के मूल्य रोपित करने का संदेश दिया। श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत पूरी मानवता के लिए प्रेरणा है। उनके द्वारा धर्म और सत्य की रक्षा हेतु किए गए बलिदान से बच्चे सीखें कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य का मार्ग ही सर्वोच्च है। इस पावन स्थान पर बच्चों को लाना उनका चरित्र निर्माण और आध्यात्मिक जागरूकता का सबसे बड़ा माध्यम है। बच्चों में छोटे से ही संस्कार और इतिहास के प्रति समझ विकसित करना हमारा लक्ष्य है। गुरुद्वारा धमतान साहिब में नतमस्तक होकर बच्चों ने गुरु साहिब की शिक्षाओं को हृदय में आत्मसात किया। हमारा प्रयास है कि बच्चे ज्ञान के साथ-साथ मानवता और सेवा भावना जैसे गुण ग्रहण कर समाज के लिए अनुकरणीय बनें। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ रजनीश कौर, वीना मुखीजा व ज्योति वर्मा और बच्चों ने समूह में विचार-सत्र, कीर्तन श्रवण एवं प्रार्थना की। अंत में बच्चों को प्रसाद व आशीर्वाद प्रदान किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने आगे भी ऐसे आध्यात्मिक-शैक्षिक दौरों को जारी रखने की बात कहीं।
