बीकानेर शहर कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार दोपहर 3:30 बजे होगी बैठक, बी.डी. कल्ला और शिमला नायक भी रहेंगे मौजूद
सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोरी के खिलाफ’ विशाल रैली की तैयारियों को लेकर बीकानेर शहर कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। नव-नियुक्त शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री मदन गोपाल मेघवाल के नेतृत्व में यह पहली आधिकारिक और अति आवश्यक बैठक मंगलवार, 2 दिसंबर 2025 को बुलाई गई है। यह बैठक दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, कोठारी हॉस्पिटल रोड, बीकानेर में आयोजित होगी। यह बैठक इसलिए भी खास है क्योंकि यह नए शहर अध्यक्ष बनने के बाद श्री मदन गोपाल मेघवाल की अध्यक्षता में बीकानेर शहर की पहली संगठनात्मक बैठक होगी। बैठक में आगामी रैली में बीकानेर से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रखी गई इस बैठक में जिले की प्रभारी शिमला नायक (विधायक अनूपगढ़), वरिष्ठ नेता बी डी कल्ला और यशपाल गहलोत सहित जिले के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता आवश्यक रूप से शामिल होंगे। यूथ कांग्रेस जिला महासचिव भीखाराम मेघवाल द्वारा दी गई सूचना के अनुसार, प्रदेश पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, सेवादल, इंटक, एनएसयूआई के पदाधिकारी, सभी विभागों के अध्यक्ष और निवर्तमान पार्षद/पार्षद प्रत्याशी सहित कांग्रेस विचारधारा से जुड़े सभी संगठनों के कार्यकर्ता एवं कांग्रेस जन इस महत्वपूर्ण अवसर पर सहभागिता करेंगे, ताकि 14 दिसंबर की रैली को सफल बनाया जा सकें।
