रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। ब्लॉक के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है कि यहां के सात स्वास्थ्य संस्थानों ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण होकर राज्य स्तर पर अपनी गुणवत्ता साबित की है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (पीएचसी/सीएचसी) श्रेणी में सीएचसी एवं पीएचसी केंद्रों का राज्य स्तरीय गुणवत्ता मूल्यांकन किया गया। इस मूल्यांकन में पीएचसी जैतपुर, सीएचसी कान्हावास, सीएचसी शांतो, सीएचसी घीलोठ, सीएचसी खुंदरोठ, सीएचसी बिचपुरी और सीएचसी रामचंद्रपुरा ने NQAS मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया। इन संस्थानों ने सेवा प्रावधान, रोगी अधिकारों का संरक्षण, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता व्यवस्था, रिकॉर्ड प्रबंधन और नैदानिक सेवाओं जैसे प्रमुख बिंदुओं पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। NQAS एक राष्ट्रीय ढांचा है, जिसे भारत सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इसके तहत सुविधाओं का मूल्यांकन वैश्विक मानकों के आधार पर किया जाता है। नीमराना ब्लॉक के सात संस्थानों का चयन इस बात का संकेत है कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सा कर्मियों की प्रतिबद्धता और टीम वर्क से हासिल यह उपलब्धि पूरे ब्लॉक के लिए गौरव का विषय है।
