एसआईआर में 100% डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण करने पर नवलगढ़ ईआरओ कुलदीप सिंह शेखावत व पिलानी ईआरओ डाॅ नरेश सोनी को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अरुण गर्ग ने किया सम्मानित
फोटो
भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। जिले के नवलगढ़ व पिलानी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत परिगणना प्रपत्रों (ईएफ) का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अरुण गर्ग ने बताया कि 2 दिसंबर की शाम तक दोनों विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स द्वारा समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा किया गया। पिलानी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,52,533 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर परिगणना प्रपत्र वितरित किए गए। बीएलओ एप के माध्यम से 2,34,081 मतदाताओं के प्रपत्र अपलोड किए गए, जबकि 18,458 मतदाताओं को ए.एस.डी. (अनुपस्थित, मृत, दोहरी प्रविष्टि, स्थानांतरित एवं अन्य) की श्रेणी में चिह्नित किया गया। इस कार्य के लिए 236 बीएलओ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,86,660 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से बीएलओ द्वारा बीएलओ एप के माध्यम से 2,67,262 मतदाताओं के परिगणना प्रपत्र अपलोड किए गए, जबकि 1,944 मतदाता ए.एस.डी. श्रेणी में चिन्हित हुए। इस क्षेत्र में 262 बीएलओ ने कार्य सुचारू रूप से संपन्न किया। कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में टीम को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पिलानी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. नरेश सोनी एवं उनकी टीम के सदस्य चिड़ावा तहसीलदार रामकुमार पुनिया, नायब तहसीलदार बलबीर सिंह, मण्ड्रेला नायब तहसीलदार सन्नी भाम्बू, सहायक प्रोग्रामर सुरेन्द्र कुमार तथा सूचना सहायक दिनेश शर्मा शामिल रहे।
नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से ईआरओ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कुलदीप सिंह शेखावत, तहसीलदार सीताराम कुमावत, नायब तहसीलदार बजरंग लाल मीणा, सहायक प्रोग्रामर रणजीत सिंह, उप प्रधानाचार्य मुकेश कुमार तथा नीतेश रूंथला को सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईआरओ व सुपरवाइजर को किया सम्मानित
इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र की ईआरओ कौशल्या बिश्नोई, पिलानी विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजर विजेंद्र कुमार व झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र के सुपरवाइजर कर्मवीर पूनिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार आर्य, तहसीलदार (निर्वाचन) मोनिका चौधरी, वरिष्ठ निजी सचिव रामसिंह पूनियां, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी नवीद खान उपस्थित रहे।
