रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस (विद्यार्थी) प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। शिविर के समापन कार्यक्रम में तहसीलदार विकास कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह की शुरुआत सर जीन हेनरी ड्यूनाट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर तहसीलदार विकास कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों और गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी मिलती है।
इस मौके पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव रामजी लाल ने बताया कि इस पांच दिवसीय शिविर में बच्चों को स्वास्थ्य जागरूकता, नशा मुक्ति, एचआईवी एड्स, रक्तदान, शरीर व आंखों का दान आदि के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही बच्चों की स्वास्थ्य जांच और रक्त समूह जांच भी करवाई गई। पांच दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सोलो डांस में में पीएम श्री राजकीय कन्या विद्यालय फतेहाबाद ने प्रथम, राजकीय माध्यमिक विद्यालय बस्ती बलाडिया ने द्वितीय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अहरवां ने तृतीय स्थान तथा सोलो सॉन्ग में राजकीय उच्च विद्यालय दौलतपुर ने प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद ने द्वितीय व राजकीय उच्च विद्यालय बीघड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार से लकी स्टार गेम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एमपी रोही ने प्रथम, आरोही मॉडल स्कूल बनगांव ने द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य अमिता सिंह, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के उपाधीक्षक सुरेंद्र चुघ, जिला प्रशिक्षण अधिकारी दलवीर सिंह, कृष्ण कुमार, अंजू रानी, रमेश कंबोज, अनिल इंदल, संतोष सेवदा, डीएवी स्कूल का स्टाफ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
