1 से 15 दिसंबर तक मिशन मोड में लगाए जाएंगे फेरिक कार्बॉक्सी माल्टोज इंजेक्शन
बुहाना। गर्भवती तथा धात्री महिलाओं में एनीमिया की समस्या को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 से 15 दिसंबर तक विशेष पिंक पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान एनीमिक महिलाओं को फेरिक कार्बॉक्सी माल्टोज इंजेक्शन लगाकर उनके हीमोग्लोबिन स्तर को तेजी से बढ़ाने का अभियान चलाया जाएगा। बीसीएमओ डॉ. जयबीर सिंह ने बताया कि पखवाड़े को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। एफसीएम इंजेक्शन की डोज गंजोनी सूत्र के अनुसार निर्धारित की जाएगी, जिसमें गर्भवती को एक सप्ताह में 1000 मिलीग्राम से अधिक तथा पूरे गर्भावस्था काल में 1500 मिलीग्राम से अधिक डोज नहीं दी जाएगी। बीसीएमओ डॉ. भागसारा ने बताया कि आयरन की गोलियों यानी आईएफए से परिणाम धीरे आते हैं और कई महिलाओं को मतली, कब्ज, पेट खराब जैसी समस्याएँ होने के कारण उनका लाभ सीमित रह जाता है। इसके विपरीत फेरिक कार्बॉक्सी माल्टोज इंजेक्शन डेढ़ से दो माह में तीन से चार ग्राम हीमोग्लोबिन बढ़ाने में अत्यंत प्रभावी है।
पिंक पखवाड़े में मध्यम से गंभीर एनीमिया अर्थात 5 से 9 ग्राम हीमोग्लोबिन वाली गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्राथमिकता से एफसीएम इंजेक्शन लगाया जाएगा। आशा सहयोगिनी और एएनएम ऐसी महिलाओं की सूची तैयार कर उन्हें स्वास्थ्य संस्थानों पर लाएँगी, जहाँ चिकित्सक की देखरेख में इंजेक्शन लगाया जाएगा। डॉ. जयवीर सिंह भागसारा ने बताया कि एफसीएम इंजेक्शन इंट्रावेनस ड्रिप द्वारा दिया जाता है और इसे अस्पताल में भर्ती किए बिना डे-केयर में मात्र 15 मिनट में लगाया जा सकता है। एक बार की डोज से डेढ़ से दो महीने में महिलाओं का हीमोग्लोबिन तीन से चार ग्राम तक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि पिंक पखवाड़ा अभियान को पूर्ण क्षमता के साथ मनाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ दिलाने के लिए सभी स्टाफ को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
