— सैकड़ों प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, कमला देवी व अनूप सैनी रहे प्रथम
भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि के अवसर पर माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं द्वारा प्रदेश-स्तरीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षा प्रभारी डॉ. बी.एल. सैनी (श्रीमाधोपुर) एवं परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर हितेश सैनी ने रजिस्ट्रेशन से लेकर परीक्षा परिणाम तक पूरे आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में गुलामगिरी ग्रंथ, सत्यशोधक समाज की स्थापना, किसान का कोड़ा, महात्मा फुले द्वारा प्रथम कन्या पाठशाला की शुरुआत जैसे विविध और महत्वपूर्ण विषयों से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए, जिन्होंने प्रतिभागियों को गहन चिंतन के लिए प्रेरित किया। परीक्षा नियंत्रक प्रो. हितेश सैनी ने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं समाज के अंतिम छोर तक बसे लोगों तक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले की विचारधारा पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।
महापुरुषों की विचारधारा को जन–जन तक पहुंचाने का लक्ष्य
मीडिया प्रभारी नरेश बगड़ ने बताया कि समाज सुधार के क्षेत्र में फुले दंपती द्वारा किए गए ऐतिहासिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने हेतु संस्था समय-समय पर इस प्रकार की शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है। संस्था के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री ने कहा कि प्रश्नोत्तरी में फुले दंपती द्वारा समाज में किए गए अमूल–चूल परिवर्तनों से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए, जिससे युवाओं को वास्तविक इतिहास की जानकारी मिल सके।
प्रदेशभर से सैकड़ों प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम स्थान कमला देवी (झुंझुनूं), अनूप सैनी, (झुंझुनूं) द्वितीय स्थान प्राप्त करने में कृष्ण टांक (जोधपुर),सुनील सैनी (झुंझुनूं),हेमराज सैनी (सीकर),गौरव सैनी (झुंझुनूं) वहीं तृतीय स्थान पर योगेश सैनी (अशोक नगर),अभिनव सैनी,दक्ष सैनी, राजकिशोर (सीकर), बनवारीलाल सैनी (कोटपुतली), कोमल सैनी (झुंझुनूं), मनीष सैनी (सीकर) आदि को संस्था ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी एवं जागरूकता बढ़ाने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
