-समैन में शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का एसडीएम ने लिया जायजा
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। एसडीएम आकाश शर्मा ने बुधवार को गांव समैन के सरकारी विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की तथा बच्चों के साथ बैठकर भोजन कर स्वयं भोजन की गुणवत्ता और स्वाद का अनुभव किया। उन्होंने शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी सेवाओं की गुणवत्तापूर्ण उपलब्धता का जायजा लेते हुए पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम आकाश शर्मा ने निरीक्षण के दौरान कक्षाओं का दौरा किया और बच्चों से बातचीत कर उनकी शिक्षा संबंधी प्रगति और सीखने की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की तथा बच्चों के साथ बैठकर भोजन कर स्वयं भोजन की गुणवत्ता और स्वाद का अनुभव किया। रसोईघर एवं भोजन बनाने वाली जगह की स्वच्छता की बारीकी से जांच की गई। इसी के साथ उन्होंने विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण करते हुए विद्यालय परिसर की समग्र सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुँचने तथा नियमित और प्रभावी कक्षाएं लगाने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम ने विद्यालय में शौचालयों की स्थितियों का निरीक्षण करते हुए उनके नियमित रखरखाव को आवश्यक बताया। उन्होंने स्वच्छ पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बच्चों के बैठने, खेलने तथा पढ़ने के वातावरण बारे भी संबंधित विभाग को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा।
गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर एसडीएम ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता देखी और स्टाफ से पोषण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड और उपस्थिति रजिस्टर को नियमित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। केंद्र की साफ-सफाई, खेल सामग्री और बच्चों के अनुकूल वातावरण को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एसडीएम ने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति की जांच कर सभी कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों के साथ विनम्र व संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। दवाइयों के स्टॉक, जांच सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी विभागीय कर्मचारियों को पारदर्शिता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और क्षेत्र में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
