51 हस्तियाँ सम्मानित
निवर्तमान महापौर कुंती देवड़ा परिहार ने कहा- फुले दंपति का जीवन संघर्ष प्रेरणास्रोत;
पूर्व संभागीय आयुक्त रतन लाहौटी ने की ‘सनसिटी प्रहरी’ की सराहना
भीम प्रज्ञा न्यूज़.जोधपुर। सनसिटी प्रहरी राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र एवं बिरसा अम्बेडकर फूले साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में यूथ हॉस्टल, रातानाडा में सातवाँ राज्यस्तरीय क्रांति ज्योति सावित्री बाई फुले समाज गौरव पुरस्कार 2025 समारोह अत्यंत उत्साह के साथ आयोजित हुआ। समारोह में समाज, शिक्षा, साहित्य, खेल, चिकित्सा, समाजसेवा और डिजिटल नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 51 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के आयोजक एवं सनसिटी प्रहरी के संपादक विक्रम चौहान ने बताया कि यह पुरस्कार उन हस्तियों को प्रदान किया गया है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज को नई दिशा दी है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि निवर्तमान महापौर कुंती देवड़ा परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि देश की प्रथम शिक्षिका, समाज सुधारक और महिला शिक्षा की अग्रदूत क्रांति ज्योति सावित्रीबाई फुले का जीवन संघर्ष सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि फुले दंपति ने सामाजिक न्याय, शिक्षा प्रसार और महिला अधिकारों के लिए जो योगदान दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। देवड़ा ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी सामाजिक जिम्मेदारियों को और बढ़ाता है। उन्होंने सनसिटी प्रहरी अखबार की निष्पक्ष पत्रकारिता और वंचित वर्ग की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए संपादक विक्रम चौहान की सराहना भी की।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे जोधपुर के पूर्व संभागीय आयुक्त सीनियर आईएएस रतन लाहौटी ने कहा कि फुले दंपति ने समाज में शिक्षा की क्रांति लाने हेतु 18 से अधिक विद्यालयों की स्थापना की। उन्होंने सावित्रीबाई फुले को ‘अज्ञानता से प्रकाश की ओर ले जाने वाली महान विभूति’ बताते हुए कहा कि उनका जीवन हमें आदर्शों पर चलकर समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
सम्मानित प्रतिभाएँ और आयोजन की झलक
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार एडवोकेट ओमप्रकाश नोगिया, शंकरलाल बालोटिया एवं हीराराम राठौड़ ने भी फुले दंपति के योगदान को याद करते हुए समाज में न्याय और शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। समाजसेविका विमला बृजवाल ने सावित्रीबाई फुले के संघर्ष को नमन किया। सनसिटी प्रहरी समाचार पत्र की प्रधान संपादक श्रीमती पिंकी चौहान ने भी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। आयोजक विक्रम चौहान ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में हनुमान बडल (प्रिंसिपल), कमलेश गोदारा, गोपीराम खोरवाल, ममता नवल, महिला सशक्तिकरण में विमला बृजवाल, समाजसेवा में मंगलाराम उदानी, निर्मल सिंह कच्छवाहा, रविन्द्र सांखला, चेतन यादव, डिजिटल सशक्तिकरण में आनंद सिंगारिया, साहित्य में पप्पूराम मेघवाल, मनोहर लाल कड़ेला, जल संरक्षण में जगदीश देवड़ा, खेल में मंजू राठौड़, रंजना सोनेल, चिकित्सा में डॉ. राधे सिंह (एम्स), गिरधारी लखानी और रक्तदान में अभिषेक मेहरा सहित कुल 51 हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन साहित्यप्रेमी मनोहर लाल कड़ेला ने किया। अंत में, आयोजक विक्रम चौहान द्वारा सभी अतिथियों का साफा, माला एवं स्मृति चिन्ह से स्वागत किया गया।
