बिना दहेज विवाह बन गया समाज के लिए मिसाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.सूरजगढ़। गांव बलौदा में रविवार को संपन्न हुआ एक सादगीपूर्ण विवाह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। स्वर्गीय क्षी पाल सिंह की पुत्री हेमू कंवर के विवाह में डिडवाना जिले के गांव रणवा से दूल्हा कर्मवीर सिंह, पुत्र विजेन्द्र सिंह राठौड़, की बारात हर्षोल्लास के साथ पहुंची। विवाह समारोह की सबसे अनुकरणीय बात यह रही कि दूल्हा पक्ष ने दहेज के रूप में दिए गए पाँच लाख रुपये वापस कर दिए और स्पष्ट किया कि यह विवाह पूरी तरह बिना दहेज किया जा रहा है। दोनों परिवारों ने मिलकर समाज में फैली दहेज प्रथा के खिलाफ एक मजबूत संदेश देते हुए सामाजिक जागरूकता की मिसाल पेश की।ग्रामीणों ने इस पहल की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसा सामाजिक परिवर्तनकारी कदम नई पीढ़ी को दहेज मुक्त समाज बनाने की प्रेरणा देता है। समाज के ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल पर खुशी जताई। इस अवसर पर बलौदा के पूर्व सरपंच घनश्याम सिंह शेखावत, उमेद सिंह, सुरेश सिंह, बिशन सिंह और इन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने इस पहल के लिए दोनों परिवारों का गहरा आभार व्यक्त किया। बिना किसी दिखावे, सादगी व संस्कारों के साथ संपन्न यह विवाह आज पूरे क्षेत्र में अनोखी मिसाल बन गया है।
