भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। स्वर्गीय जगदीश प्रसाद लाखलाण की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर बास काली पहाड़ी स्थित निज निवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा परिजनों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्व. जगदीश प्रसाद लाखलाण की धर्मपत्नी श्रीमती मोहनी देवी तथा उनके सुपुत्र अरविन्द लाखलाण (नायब सूबेदार), डॉ. पारस लाखलाण (MD) और विमल लाखलाण (सचिवालय, जयपुर) विशेष रूप से मौजूद रहे।इस अवसर पर सामाजिक सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए परिवार द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय काली पहाड़ी में अध्ययनरत विद्यार्थियों को 101 स्कूल बैग एवं फल वितरित किए गए। वितरण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विमल लाखलाण ने कहा कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को निरंतर प्रेरित करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर छोटे-छोटे प्रोत्साहन से छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ता है और वे शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक होते हैं।
आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कपिल कुमार सहित समस्त अध्यापकगण ने स्व. जगदीश प्रसाद लाखलाण के परिवार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होते हैं, बल्कि समाज में जनसेवा की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। श्रद्धांजलि सभा शांत माहौल में सम्पन्न हुई, जहां उपस्थित सभी लोगों ने स्व. जगदीश प्रसाद लाखलाण के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
