नाबालिग किशोरी के साथ दो वर्षों तक ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म का आरोप; प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का लगाया आरोप
भीम प्रज्ञा न्यूज़.पिलानी। पिलानी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित जनता ने बुधवार को शहर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीम आर्मी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में शामिल लोगों ने पुलिस प्रशासन पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। प्रदर्शन स्थल पर ‘नाबालिग को न्याय दो, दोषियों को सजा दो’ जैसे नारे लगाए गए, जो आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को दर्शाते हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा और इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मां ने बताया कि वह आरोपियों के घर पर साफ-सफाई का काम करती थी और कई बार अपनी नाबालिग बेटी को भी साथ ले जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान तीन से चार अधेड़ उम्र के व्यक्तियों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर उसे लगातार धमकाया और पिछले दो वर्षों तक ब्लैकमेल कर गलत काम करने पर मजबूर किया। डर और सामाजिक बदनामी के भय से पीड़िता ने लंबे समय तक यह बात छिपाए रखी। हालांकि, मानसिक पीड़ा असहनीय होने के बाद उसने अपनी मां को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने पिलानी थाने में मामला दर्ज कराया। मामला दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है।
भीम आर्मी के नेताओं ने नाबालिग के साथ हुई इस घटना को समाज के लिए निंदनीय बताया है। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
इस विरोध प्रदर्शन में अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार विरोधी जिला संघर्ष समिति झुंझुनूं के जिलाध्यक्ष रामानंद आर्य, महासचिव विकास आल्हा एवं संरक्षक बलवीर सिंह काला सहित जिले के अनेकों कार्यकर्ता नाबालिग को न्याय दिलवाने हेतु शरीक रहे।
