भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। उपमंडल स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक वीरवार को लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में एसडीएम आकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं, अत्याचार से जुड़े मामलों तथा पीड़ितों को मिलने वाली राहत व सहायता की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम आकाश शर्मा ने कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति/जनजाति पर अत्याचार से संबंधित मामलों में पीड़ित व्यक्तियों को सरकार द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता समय पर उपलब्ध करवाई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसडीएम ने संबंधित सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में पिछली सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में निर्धारित किए गए एजेंडा बिंदुओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित विभागों द्वारा अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी ली गई और जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई, वहां शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम आकाश शर्मा ने समाज में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर बैनर, पोस्टर, पंपलेट तथा अन्य माध्यमों का प्रभावी रूप से प्रयोग किया जाए। इससे पीड़ितों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता मिलेगी और वे समय रहते सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों में यदि किसी भी व्यक्ति के साथ अत्याचार या दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आती है, तो उस पर तुरंत प्रभाव से नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और समाज में कानून का भय बना रहे।
बैठक में बीडीपीओ राहुल श्योकंद, तहसील कल्याण अधिकारी विजय कुमार, समिति सदस्य रमेश गोयल, अनूप सिंह, डॉ. ईश्वर खोबड़ा, कृष्ण गोयल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
