-टोहाना के सामाजिक संगठनों व नागरिकों ने की सराहना
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना।
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वीरवार को आयोजित शिविर में पहुंचे नागरिक, जहाँ एसडीएम ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देकर कई मामलों का मौके पर ही निवारण करवाया।
एसडीएम ने शिविर में पहुंचे सभी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा प्रत्येक मामले के समाधान को सुनिश्चित करने के लिए दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायत में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध तथा पारदर्शी तरीके से शिकायतों के निपटान को सुनिश्चित करें, ताकि जनता को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएँ मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को आयोजित किए जाने वाले समाधान शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि किसी भी नागरिक की समस्या बिना समाधान के लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य जनता को एक ही स्थान पर सभी सेवाएँ उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिकारी समय पर पहुँच कर सक्रिय भूमिका निभाएँ और प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे शिविरों की उपयोगिता और प्रभावशीलता लगातार बनी रहे।
