लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की कार्यशाला में युवाओं को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
भीम प्रज्ञा न्यूज़ पचेरी (बुहाना)।

नववर्ष के अवसर पर युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और स्वस्थ, सशक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट, खंड बुहाना के तत्वावधान में सेंट्रल लाइब्रेरी, बुहाना रोड पचेरी बड़ी में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “दारू छोड़ो, दूध पिलाओ” अभियान को गति देते हुए नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में ट्रस्ट के संरक्षक सदस्य एवं भीम प्रज्ञा न्यूज़ के संपादक एडवोकेट हरेश पंवार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में युवाओं को “ढ़क्कनदार नहीं, मलाईदार” बनने की जरूरत है। उन्होंने चिंता जताई कि युवा पीढ़ी फास्ट फूड और बोतलबंद पेय पदार्थों की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है, जो भारत जैसे युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी संपदा—युवा शक्ति—के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के संचालक कृष्ण कुमार टेलर ने नशे से उत्पन्न सामाजिक समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में एक ओर विवाह के समय नशे से दूर रहने की शर्त रखी जाती है, वहीं दूसरी ओर लगन-टीका और खातेदारी में शराब की अनिवार्यता निभाई जाती है। उन्होंने इसे समाज की दोहरी सोच बताते हुए कहा कि जब तक सामाजिक परंपराओं में बदलाव नहीं आएगा, तब तक नशा मुक्ति का लक्ष्य अधूरा रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट्रल लाइब्रेरी के संचालक एडवोकेट मनोज पंवार ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी यासीन खान उपस्थित रहे। लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट के प्रभारी नवीन कुमार ने ट्रस्ट की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों की जानकारी देते हुए युवाओं से संवाद किया और बेहतर करियर निर्माण के लिए अच्छी आदतों को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सतीश कुमार, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं को जलेबी खिलाकर और दूध पिलाकर नशा मुक्ति से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। आयोजन ने क्षेत्र में नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक संदेश देते हुए नववर्ष की शुरुआत सामाजिक चेतना के साथ करने का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

