रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना।
नीमराना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नंगली बलाहिर के गांव नंगली एवं बलाहिर में रविवार को करीब 50 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम प्रधान पंचायत समिति नीमराना संतोष बलवान यादव एवं भाजपा नेता बलवान सिंह यादव के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 10 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिनमें इंटरलॉकिंग निर्माण, सड़क निर्माण तथा शौचालय निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय लाभ मिलेगा। प्रधान संतोष बलवान यादव ने कहा कि गांव नंगली एवं बलाहिर की शेष बची गलियों में भी शीघ्र विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को राजस्थान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। भाजपा नेता बलवान सिंह यादव ने अलवर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नीमराना पंचायत समिति की प्रत्येक ग्राम पंचायत में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में विकास की गति निरंतर बनी रहेगी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच राजबाला पूर्ण भगत, सतबीर, मुकेश, विक्रम सिंह, रामस्वरूप सिंह चौहान, सवाई सिंह, रविंद्र यादव, रामनिवास चौहान, बहादुर सिंह चौहान, मनोज, बालाराम प्रजापत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहें।
