भीम प्रज्ञा न्यूज़.पचेरी।
सिंघानिया विश्वविद्यालय परिसर पचेरी स्थित नर्मदा देवी सिंघानिया इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (एनुअल स्पोर्ट्स मीट) का भव्य शुभारम्भ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट डॉ. मनोज कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) ने किया। उद्घाटन समारोह के दौरान रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए, खेल मशाल प्रज्ज्वलित की गई तथा विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। कार्यक्रम में खेल भावना और अनुशासन का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
*खेलों से होता है सर्वांगीण विकास*
उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. पवन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेलों का संतुलन विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य छात्रों में खेल भावना विकसित कर उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।आयोजन समिति के अनुसार यह इंटर-हाउस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता तीन दिनों तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए 100 मीटर, 400 मीटर एवं 1600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल तथा बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा।
