भीम प्रज्ञा न्यूज़.महेंद्रगढ़। भारत रत्न, बौद्धिस्त्व, नारी के मुक्तिदाता और भारतीय संविधान के निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का 69वां महापरिनिर्वाण दिवस रविवार को महेंद्रगढ़ के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर श्रद्धापूर्वक मनाया गया। एसएलजी अमन फाऊंडेशन (भारत) के चेयरमैन सुंदर लाल जोरासिया की अध्यक्षता में आयोजित इस श्रद्धांजलि समारोह में बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। अध्यक्षता कर रहे जोरासिया ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का महापरिनिर्वाण दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि समाज के लिए आत्मसम्मान, अधिकार-जागरूकता और सामाजिक मुक्ति की प्रेरणा है।उन्होंने कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि शिक्षा, संघर्ष और संगठन से ही सम्मान और समान अधिकार प्राप्त किए जा सकते हैं।
जोरासिया ने विशेष रूप से महिलाओं के लिए बाबा साहेब द्वारा बनाए गए कानूनों का जिक्र किया, जिनसे उन्हें पुरुषों के अनुसार समान अधिकार प्राप्त हुए। उन्होंने सुझाव दिया कि बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए सभी परिवार या समाज सामूहिक रूप से 2-3 मिनट संविधान की प्रस्तावना का वाचन करें। जिला अध्यक्ष और समाजसेवी सतबीर झुकिया ने बताया कि बाबा साहेब ने हमें एक उत्कृष्ट संविधान दिया। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा जब जाति नहीं, मानवता पहली पहचान होगी। अंधविश्वास नहीं, तर्क और विज्ञान मार्गदर्शक होंगे। वर्चस्व नहीं, समानता और बंधुत्व जीवन-पद्धति होगी। एडवोकेट अभयराम यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहेब की जातिविहीन समाज की परिकल्पना को असली रूप प्रेम, मैत्री, करुणा और भाईचारा पहनाने से ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी।
इस श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न जातियों और वर्गों के लोगों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे किसी भी मनुष्य को जाति, धर्म, नस्ल, लिंग या जन्म के आधार पर कभी नीचा नहीं मानेंगे। कार्यक्रम में रमेश खींची (पूर्व चेयरमैन), प्रिंसिपल अमर सिंह, राम अवतार मंडिया, मास्टर ताराचंद, संतलाल खिंची, हेड मास्टर बंसीलाल, भूप सिंह ढाणी फोगाट, सतीश बौद्ध पाली, प्रिंसिपल ज्ञानी राम, शेर सिंह चौहान (थानेदार), डॉ. राकेश मेहरा, मेनपाल, महेंद्र तंवर, भगवान सिंह, हरदयाल प्रधान, सुशील नहारवाडा, धन्नाराम (पूर्व सरपंच), माडुराम खिंची, राजू लोहमोड, भौमराज, रविकुमार प्रधान बचिनी, विकास खिंची, कर्ण सिंह आदि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
