*400 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया भरोसे का उपचार*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर। शहर की अस्पताल रोड स्थित पंचायती धर्मशाला शुक्रवार को मानवीय सेवा की मिसाल बन गई, जब स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद शर्मा की बारहवीं पुण्यतिथि पर मेट्रोमास अस्पताल जयपुर के सहयोग से भव्य निशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन श्रीकृष्णा इंडेन गैस एजेंसी मंडावर के प्रबंधक और रेला फार्मा के निदेशक डॉ. श्याम गौड़ द्वारा किया गया, जिन्होंने बताया कि वे हर वर्ष अपने दिवंगत पिता की पुण्य स्मृति में यह सेवा शिविर आयोजित करते हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों का उपचार बिना खर्च मिल सके। सुबह से शाम तक चले इस शिविर में 400 मरीजों ने पंजीकरण करवाया और सभी को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच व परामर्श दिया गया। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋषभ माथुर ने 57 मरीजों की जांच कर 42 मरीजों के ईसीजी परीक्षण किए। वहीं न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. रिंकू शर्मा ने लकवा, सिर की चोट, मिर्गी सहित मस्तिष्क संबंधी बीमारियों से पीड़ित 58 मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया और भविष्य में इन बीमारियों के साइड इफेक्ट से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण सलाह भी प्रदान की।
फिजिशियन डॉ. अविनाश कुल्हड़ ने सर्दी-जुकाम, उल्टी-दस्त और सामान्य संक्रमणों से पीड़ित 140 मरीजों का परीक्षण किया, जबकि वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. हनुमानसिंह ने 106 मरीजों को सामान्य रोगों संबंधी चिकित्सा परामर्श दिया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश रंजन ने फ्रैक्चर, घुटनों के दर्द, कंधे जाम सहित हड्डी संबंधी परेशानियों की जांच कर ग्रामीण मरीजों को राहतकारी सुझाव दिए। शिविर में 44 मरीजों के हड्डी कैल्शियम परीक्षण किए गए और 42 मरीजों के ब्लड शुगर सैंपल लिए गए। इसके साथ ही 106 मरीजों की फेफड़ों की जांच की गई और डीएमडी मशीन से कई मरीजों के लिए उन्नत स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान सेवा भाव में सहयोगी बने योगेश गौड़, मुकेश गौड़ सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक—उमेश हल्दैनिया, अनुज पाराशर, मोहनलाल शर्मा, फूलचंद अग्रवाल—के साथ अनेक महिला-पुरुष और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मौजूद रहें।
