दस दिन की सेवाओं को पूरे माह करने और मानदेय बढ़ाने की उठी मांग
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.महवा। ब्लॉक के योग प्रशिक्षकों ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अपनी सेवाओं को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांगों को मजबूती देते हुए रविवार को कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। प्रशिक्षकों का कहना है कि चिकित्सा विभाग के तहत एचडब्ल्यूसी, पीएचसी तथा एएसी केंद्रों में कार्यरत योग प्रशिक्षकों को फिलहाल महीने में केवल 10 दिन की सेवाओं के एवज में मानदेय मिलता है, जो न तो जनस्वास्थ्य की जरूरतों के अनुकूल है और न ही प्रशिक्षकों के जीवन-यापन के लिए पर्याप्त। महवा ब्लॉक योग प्रशिक्षक संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजयपाल पोसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा संचालित आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पूरे देश में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुधार के लिए योग की बड़ी भूमिका तय की गई है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रतिमाह केवल 10 दिनों के अभ्यास से जनता को वह अपेक्षित स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा, जिसकी कल्पना केंद्र सरकार की इस योजना में की गई थी।पोसवाल ने कहा कि लाइलाज और गंभीर बीमारियों की रोकथाम तथा स्वास्थ्य की पुनर्बहाली में योग का निरंतर अभ्यास अत्यावश्यक है, इसलिए प्रशिक्षकों की सेवाओं को पूरे माह किया जाना समय की मांग है। ब्लॉक संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी लोकेश सैनी भंडपुरा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा के महवा विधानसभा दौरे के दौरान मानपुर चौराहे पर जिले भर के सैकड़ों योग प्रशिक्षकों ने एकजुट होकर उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों से अवगत कराया। इसके तुरंत बाद शाम को कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा जब मनोहरपुर से जयपुर की ओर जा रहे थे, तब महवा ब्लॉक के योग प्रशिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रशिक्षकों ने मंत्री को बताया कि महीने में मात्र 10 दिन की सेवा और सीमित मानदेय राशि के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहरा रहा है।
महवा ब्लॉक के उपाध्यक्ष हरिओम शर्मा ने मंत्री मीणा को बताया कि योग प्रशिक्षक अपनी जिम्मेदारी और ईमानदारी से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन वर्तमान मानदेय से आज के दौर में गुजारा करना अत्यंत कठिन है। उन्होंने आग्रह किया कि प्रशिक्षकों की सेवाओं को पूरे माह किया जाए और मानदेय में उचित वृद्धि करते हुए उन्हें स्थिरता और सम्मानजनक आय प्रदान की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल पोसवाल, उपाध्यक्ष हरिओम शर्मा, मीडिया प्रभारी लोकेश सैनी, निरंजन प्रजापत, सोहन सिंह, मनीष सैनी, देवेंद्र सिंह, योगेश जांगिड़, विश्राम योगी, राहुल शर्मा, गिरधर, रवि कुमार गुर्जर, अजय शर्मा सहित दर्जनों योग प्रशिक्षक उपस्थित रहें।
