रजत विजय रंगा,
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद।
कानूनी साक्षरता अभियान के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बनगांव में लीगल लिटरेसी सर्विसेज द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रेनिंग जज जैस्मिन बावा व तन्वी गर्ग तथा पैनल एडवोकेट कमलेश वशिष्ठ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ व्याख्याता सुरेंद्र गर्ग द्वारा अतिथिगणों के स्वागत के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कानूनी साक्षरता विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे समाज एवं न्याय व्यवस्था के प्रति जागरूक नागरिक बन सकें। प्रशिक्षु जजों व पैनल एडवोकेट ने विद्यार्थियों को अवगत कराया कि न्याय सबके लिए समान एवं सुलभ है। उन्होंने नि:शुल्क कानूनी सहायता से संबंधित योजनाओं तथा प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों एवं सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त बढ़ते साइबर अपराधों, उनके खतरों और बचाव संबंधी उपायों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा जजों से पूछे गए प्रश्न विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने न्यायिक सेवा में प्रवेश की प्रक्रिया, विधि अध्ययन, चुनौतियों एवं प्रेरणास्रोतों के बारे में जिज्ञासापूर्वक प्रश्न किए, जिनका उत्तर जजों ने धैर्यपूर्वक एवं प्रेरक ढंग से दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि कार्यक्रम में प्राप्त कानूनी जानकारी को वे अपने परिवार एवं समाज के अन्य सदस्यों तक पहुंचाएंगे, ताकि कानूनी जागरूकता को व्यापक स्तर पर प्रभावी बनाया जा सके।
