*दशरथ सिंह केसरी बने अध्यक्ष, 31 सदस्यीय कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी।*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.महवा। मंडावर क्षेत्र में राजपूत समाज ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए रविवार, 28 दिसंबर 2025 को रामगढ़ महवा स्थित राजपूत सभा छात्रावास में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। नव–निर्वाचित अध्यक्ष वैध दशरथ सिंह नरूका ठिकाना केसरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में समाज के लिए नई ऊर्जा और दिशा तय करने वाली 31 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसके बाद नव नियुक्त पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण करवाकर औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी गई। अध्यक्ष दशरथ सिंह केसरी ने पदभार ग्रहण करते ही समाज के लिए एकजुटता, शिक्षा, न्याय और संगठनात्मक विकास को प्राथमिकता देने की बात कही और कहा कि नई टीम समाज के हर वर्ग तक सहयोग और पारदर्शिता के साथ पहुंचेगी। बैठक के दौरान 31 सदस्यीय कार्यकारिणी में प्रमुख पदों पर चयनित व्यक्तियों में मोहनसिंह बुगली, विनोद सिंह जादौन, महेन्द्र सिंह रौत और मंगू सिंह राजपुर को उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि विजय बहादुर सिंह रामगढ़ को महामंत्री और बलदेव सिंह पाडली को सहमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन की मजबूत संरचना के लिए सरजीत सिंह खेड़ली और कुलदीप सिंह पलानहेड़ा को संगठन मंत्री नियुक्त किया गया तथा रघुवीर सिंह को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। इन पदाधिकारियों के साथ 21 अन्य सदस्यों को भी कार्यकारिणी में शामिल किया गया, जिससे समाज की नई टीम पूर्ण रूप से सक्रिय हो गई। संगठन की पारदर्शिता और कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए नियमों के अनुरूप चार प्रमुख समितियों—न्याय समिति, शिक्षा समिति, छात्रावास प्रबंधन समिति और सामाजिक उत्थान एवं आयोजन समिति—का गठन भी किया गया, जिनका उद्देश्य समाज के सामूहिक हितों को प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध कार्य प्रणाली स्थापित करना है।
शपथ ग्रहण समारोह में जिला उपाध्यक्ष राजपूत सभा दौसा शिवसिंह चौहान ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखती है और यह टीम आने वाले समय में क्षेत्र में शिक्षा, सामाजिक उत्थान, अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती के लिए निर्णायक भूमिका निभाएगी
