(रमेशचंद्र)
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत मुंडावर उपखंड के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय जालावास मनेठी में गुरुवार को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से स्वच्छता गतिविधियों को आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका मंजू बाई के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण और साफ सफाई के महत्व को रेखांकित करते हुए गांव के मुख्य रास्तों से प्रभात फेरी लगाई गई। इस प्रभात फेरी में कचरा पात्र साथ में लेकर स्वच्छता का संदेश दिया गया और विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के नारों लिखी तख्तियां हाथ में लेकर नारे लगाते हुए जन सामान्य को जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस प्रभात फेरी में विद्यालय के उप प्राचार्य वीरेंद्र कुमार, प्राध्यापक महेंद्र सांगवान, मनोज यादव, वरिष्ठ अध्यापक गिरधारी लाल, अतर सिंह सहित शिक्षक सुनील शर्मा, मनीषा यादव, कल्पना यादव, रेणु यादव, मुस्कान, नीरू यादव, एकता यादव, मनोज कुमार, जगदीश कुमार, अनिकेत कुमार, इंद्र सिंह एवं कुलदीप कुमार सहित सभी विद्यार्थियों ने भागीदारी की। संस्था प्रधान प्रवीण कुमार यादव द्वारा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संबंध में उद्बोधन देते हुए प्रभात फेरी के सफल आयोजन पर सभी का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हमारे जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हमें इसके लिए हमेशा प्रयास करना चाहिए।
