ऊधम सिंह जयंती व वीर बाल दिवस पर रेवाड़ी में विचार गोष्ठी आयोजित
भीम प्रज्ञा न्यूज़ रेवाड़ी।
डॉ. भीमराव अंबेडकर लाइब्रेरी एवं पार्क, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में शुक्रवार को अमर शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह की जयंती एवं वीर बाल दिवस के अवसर पर एक गरिमामय विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों के बलिदान, साहस और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश देना रहा।कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवास्तंब संस्था के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं रेवाड़ी इकाई के प्रधान भगत सिंह बोद्ध ने की, जबकि दैनिक भीम प्रज्ञा के प्रधान संपादक एडवोकेट हरेश पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहें। कार्यक्रम का शुभारंभ अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पण एवं ज्ञान की प्रतीक मोमबत्ती प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शहीद ऊधम सिंह के जालियांवाला बाग नरसंहार के बाद के संघर्षमय जीवन, उनके अदम्य साहस तथा अन्याय के विरुद्ध दृढ़ प्रतिरोध पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आत्मसम्मान और धर्मनिष्ठा को प्रेरणास्रोत बताया। मुख्य अतिथि एडवोकेट हरेश पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए दिशा देने वाला प्रकाश स्तंभ है। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, संविधानिक मूल्यों को मजबूत करने और समाज में समानता व न्याय के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम के दौरान ‘धम्म भूमि – श्रेष्ठ जीवन के लिए एक आंदोलन’ संस्था द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। मंच संचालन हास्य कवि आलोक भाण्डोरिया ने प्रभावशाली एवं रोचक शैली में किया।समापन अवसर पर भगत सिंह बोद्ध ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आचार्य कांशी राम, एडवोकेट राज कुमार ‘जलवा’, सतबीर गोठवाल, डॉ. सत्यपाल चौपड़ा, सत्यनारायण साम्भरिया, धर्मबीर बल्डोदिया, हवा सिंह बोद्ध, हरिसिंह, लक्ष्मीबाई लिसाणा, रामजस सहित संस्था के पदाधिकारी एवं अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहें।
