बेघर व जरूरतमंदों को रैन बसेरों में गर्म बिस्तर, कंबल और 24 घंटे आश्रय सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। शीतलहर और कड़ाके की सर्दी के संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है। एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा ने वीरवार को लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली और आमजन की सुरक्षा, राहत और आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि मौसम विभाग द्वारा दी जा रही चेतावनियों को देखते हुए प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असुरक्षित या असहाय न रहें।
रैन बसेरों पर विशेष फोकस—24 घंटे खुलें आश्रय स्थल
एसडीएम ने कहा कि शीतलहर के दौरान बेघर और जरूरतमंद लोगों के लिए रैन बसेरे होना आवश्यक है, इसलिए रैन बसेरों के संचालन, प्रबंधन और सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में गर्म बिस्तर, पर्याप्त कंबल, स्वच्छ पानी और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो। नगरपालिका और नगर परिषद के रैन बसेरे 24 घंटे खुले रहें। संबंधित अधिकारी प्रतिदिन रैन बसेरों का निरीक्षण करें और कमियों को तुरंत दूर करें। टोहाना व जाखल शहर में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड का नियमित दौरा किया जाए। कोई भी व्यक्ति बाहर खुले में सोता मिला तो उसे तत्काल रैन बसेरे में ले जाया जाए।
गांवों में भी बने सुरक्षित आश्रय केंद्र
एसडीएम ने पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि वे गांवों में स्थित ग्राम सचिवालयों व पंचायत भवनों में रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गांवों में भी जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त कंबल, बिस्तर और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करने के निर्देश
सर्दी के मौसम में फसलों और पशुओं पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों को देखते हुए एसडीएम ने कृषि तथा पशुपालन विभाग को समय-समय पर विस्तृत एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम की बदलती परिस्थितियों के अनुसार किसानों को सही, तकनीकी और समय पर जानकारी प्रदान की जाए।पशुपालकों को पशुओं को ठंड से बचाने संबंधी उपायों के बारे में जागरूक किया जाए।
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस बैठक में डीएसपी उमेद सिंह, नायब तहसीलदार रशवेंद्र सिंह, बीडीपीओ बलजीत सिंह, एसईपीओ माया गोदारा, एसएमएस अजय ढिल्लों, अधीक्षक मुकेश बजाज, टैक्स इंस्पेक्टर बलजीत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
