रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने रविवार को गांव ठरवी स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गोशाला में आयोजित श्री धेनु मानस गौ कथा ज्ञान यज्ञ के दिव्य एवं भव्य आयोजन में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, गौ-सेवा, धर्म और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का अनुपम माध्यम हैं। राज्यसभा सांसद ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का अभिन्न अंग रही हैं। गौ-सेवा न केवल धार्मिक कर्तव्य है, बल्कि यह समाज में संस्कार, करुणा और नैतिक मूल्यों को स्थापित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि श्री धेनु मानस – गौ कथा ज्ञान यज्ञ जैसे आयोजन समाज को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि परम पूज्य संत-महात्माओं के सान्निध्य एवं आशीर्वाद से संपन्न यह पावन आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागरण के साथ-साथ गौ संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सामाजिक समरसता का संदेश दे रहा है। ऐसे आयोजनों से मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में सद्भाव एवं सहयोग की भावना प्रबल होती है। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने समस्त ग्रामवासियों, गोशाला प्रबंधन समिति एवं आयोजन से जुड़े सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं को इस पावन यज्ञ के सफल आयोजन हेतु हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि गौ-सेवा, धर्म और संस्कारों के इस महायज्ञ में सहभागी बनें तथा समाज को सकारात्मक दिशा देने में अपना योगदान दें।
