भीम प्रज्ञा न्यूज़.सिंघाना।
पर्यावरण संरक्षण और अरावली पर्वतमाला को बचाने के उद्देश्य से सहयोग एक पहल संस्थान, सिंघाना द्वारा आज आयोजित बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि 26 दिसंबर 2025, शुक्रवार को सिंघाना शहर में शांतिपूर्ण पैदल विरोध रैली निकाली जाएगी। संस्थान अध्यक्ष डी.पी. सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि “अरावली बचाओ – जीवन बचाओ” के संदेश के साथ यह पैदल रैली सुबह 11 बजे से कृष्णा मैरिज गार्डन के सामने से प्रारंभ होकर, सिंघाना थाना के सामने से गुजरते हुए आईसीआईसीआई बैंक के सामने तक जाएगी। रैली के समापन पर राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें अरावली पर्वतमाला के संरक्षण की मांग प्रमुख रूप से रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला राजस्थान की जीवन रेखा है, इसके संरक्षण के बिना पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। इसीलिए संस्थान द्वारा जनभागीदारी के माध्यम से शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया जा रहा है। मंगलवार की बैठक में संस्थान के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में संस्थान अध्यक्ष डी पी सैनी, महासचिव अजीत जांगिड़, कोषाध्यक्ष सियाराम शर्मा, सचिव रफीक खान, संरक्षक विक्रम सैनी, संस्थापक सदस्य ईश्वर सिंह, शिक्षाविद् बनवारी लाल सैनी, सोशल मीडिया प्रभारी रंजीत सैनी, प्रचार मंत्री राजू गराटी, मैक्स नायक, खेमचंद सैनी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहें। संस्थान ने क्षेत्रवासियों, पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के इस जनआंदोलन को मजबूती प्रदान करें।
