-13 दिसंबर को एमएम कॉलेज फतेहाबाद में होगा सांसद खेल महोत्सव का ग्रैंड फिनाले
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 13 दिसंबर को फतेहाबाद पहुंचेंगे, जहां वे एमएम कॉलेज मैदान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के ग्रैंड फिनाले में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुभाष बराला करेंगे। मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी संबंध में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला के सभी विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और जिले में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन को लेकर विभागवार विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा फतेहाबाद जिला के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी विभाग अपनी तैयारियों को समयबद्ध, सटीक और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव के ग्रैंड फिनाले के लिए मैदान में मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाएं, एम्बुलेंस, मीडिया प्रबंधन, हेलीपेड, बिजली आपूर्ति सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं को मजबूत करने को कहा। एडीसी, एसडीएम, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, खेल विभाग, नगर परिषद सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री इस दिन फतेहाबाद जिले की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे, जिनसे जिले में विकास की नई गति आएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास होना है, उनकी स्थल रिपोर्ट, तकनीकी कार्यवाही और अन्य तैयारी समय से पहले पूर्ण कर ली जाए। बैठक में खेल विभाग ने खेल महोत्सव की अब तक की प्रगति, विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रतिभागियों की संख्या और समापन समारोह की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि समापन समारोह को सफल, भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए तथा मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम संचालन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम आकाश शर्मा, राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, जिप सीईओ सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएसपी जगदीश काजला, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, उपनिदेशक अमित पंवार, डीईओ संगीता बिश्नोई, डीएसओ विष्णुदास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
