– विधायक चंद्रप्रकाश ने आदमपुर व बालसमंद को उपमंडल बनाने की मांग की
– टोहाना हेड से नई नहर निकालकर बालसमंद व नलवा हलके के किसानों को राहत प्रदान करे सरकार : विधायक चंद्रप्रकाश
– विधायक चंद्रप्रकाश ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आदमपुर हलके के विकास की उठाई आवाज
विजय रंगा (ब्यूरो चीफ)
भीम प्रज्ञा न्यूज़.हिसार। विधायक चंद्रप्रकाश ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुखर होकर आदमपुर हलके की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करवाने की मांग की। इसके साथ ही हिसार जिले में चिकित्सा, इंजीनियरिंग व प्रबंधन से जुड़े उच्च शिक्षण संस्थानों को स्थापित करने की उन्होंने पैरवी भी की। चंद्रप्रकाश ने विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण के समक्ष स्पष्ट किया कि हिसार जिले में एम्स, आईआईटी, आईआईएम व आईएमटी की स्थापना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिसार अत्यंत महत्वपूर्ण जिला है और यहां पर उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना से समस्त हरियाणा व निकटवर्ती राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिसार जिले में हजारों एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध है। इसका सदुपयोग उच्च शिक्षण संस्थानों का निर्माण करके युवाओं के सुदृढ़ भविष्य निर्माण के लिए किया जाना चाहिए। इसके साथ ही मेट्रो ट्रेन के माध्यम से हिसार को दिल्ली से जोड़ना चाहिए ताकि आवागमन सरलतापूर्वक किया जा सके।
विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि आदमपुर हलके के महत्वपूर्ण गांव बालसमंद व इसके आसपास के गांव एवं नलवा हलके के कई गांव वर्षों से सिंचाई के पानी व पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। इसलिए टोहाना हेड से एक नई नहर नलवा, बालसमंद व इसके निकटवर्ती गांवों के लिए निकालनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बालसमंद का राजकीय महाविद्यालय एक प्राइमरी स्कूल की बिल्डिंग में संचालित किया जा रहा है। यहां कॉलेज स्तर की समुचित सुविधाएं व स्टाफ न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्राम पंचायत ने कॉलेज निर्माण के लिए जमीन भी अलॉट की हुई है। इसलिए सरकार से मांग है कि कॉलेज की बिल्डिंग का निर्माण तुरंत प्रभाव से किया जाए।
विधायक चंद्र्रप्रकाश ने कहा कि पिछले विधानसभा सत्र में आदमपुर में इसी वर्ष 31 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरे करने का आश्वास्न दिया गया था लेकिन अभी तक आदमपुर में सडक़ों, सीवरेज लाइन व पेयजल आपूर्ति लाइन का निर्माण कार्य अधर में लटका है। इसलिए सरकार से मांग है कि इन कार्यों को तय सीमा में पूरा करके हलकावासियों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्थिति यह है कि आदमपुर में जर्जर सडक़ों के कारण धूल उड़ती रहती है और अस्थमा में मरीज बढ़ते जा रहे हैं। इतना ही नहीं आदमपुर में सुविधाओं का अभाव देखते हुए बहुत से लोग इस क्षेत्र से पलायन करने के लिए भी मजबूर हो रहे हैं। आदमपुर मंडी, जवाहर नगर व लाइन पार आदि क्षेत्रों में तो स्थिति और भी विकट है।
उन्होंने सरकार से जोरदार मांग की कि ग्रामवासियों को बीड़ के पांच गांवों का मालिकाना हक प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त करके गांववासियों को राहत प्रदान की जाए। इसके साथ ही सरकार मंडी आदमपुर स्थित गुरु रविदास कॉलोनी के 250 परिवारों को मालिकाना हक प्रदान करने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए।
विधायक चंद्रप्रकाश ने विधानसभा सत्र में आदमपुर व बालसमंद को उपमंडल का दर्जा देने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मांग-पत्र उपायुक्त के माध्यम से सरकार द्वारा गठित कमेटी को भेजा जा चुका है। इतना ही नहीं वे स्वयं कमेटी के चेयरमैन कृष्ण लाल पंवार को भी व्यक्तिगत रूप से मांग-पत्र सौंप चुके हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर व बालसमंद के उपमंडल बनने से आदमपुर हलके के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विधायक चंद्रप्रकाश द्वारा उठाए गए मुद्दे :
– हिसार जिले में एम्स, आईआईटी, आईआईएम व आईएमटी की स्थापना
– आदमपुर व बालसमंद को उपमंडल बनाया जाए
– बालसमंद व नलवा के लिए टोहाना हेड से नई नहर निकाली जाए
– मंडी आदमपुर के निर्माण कार्य तय सीमा में पूरे हों
– बालसमंद के कॉलेज भवन का निर्माण करवाया जाए
– ग्रामवासियों को बीड़ के पांच गांवों का मालिकाना हक मिले
– गुरु रविदास कॉलोनी के 250 परिवारों को मालिकाना हक
