भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। शहर के मंड्रेला बाईपास स्थित परमहंस (पीसीपी) स्कूल के सीनियर कैंपस में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर एवं सम्मान स्वरूप स्मृति-चिह्न भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। संस्था में हाल ही में आये नीट रिजल्ट में चयनित विद्यार्थियों का सम्मान स्मृति चिन्ह व मेडल पहनाकर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का कार्य भी करते हैं। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरणादायक विचारों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
गुरु पूर्णिमा के इस अवसर पर नीट चयनित डॉ.निर्मल ने गुरुजनों को चांदी का सिक्का व स्मृति चिन्ह भेंट किये। साथ ही डॉ.खुशबू ने गुरु दक्षिणा के रूप में विद्यालय परिवार को ऑफिस चेयर भेंट की। आज के पर्व की खुशी उस समय दोगुनी हो गई जब संस्थान निदेशक मनोज कुमार जी का जन्म दिवस भी इस पावन अवसर पर बच्चों के साथ केक काटकर मनाया गया। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए गुरु के प्रति श्रद्धा भाव रखने की अपील की तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर कठिन परिश्रम करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र एवं समाज के लिए श्रेष्ठ नागरिक बनने का संकल्प लिया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाई गई।पूरे संस्थान में गुरु पूर्णिमा का उत्सव श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा के वातावरण में संपन्न हुआ। संस्था में जेईई टारगेट व नीट टारगेट के नये बैच संचालित है। इस अवसर पर समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
