बीकानेर के जाने-माने भजन गायक ने 28 नवंबर 2025 को ली अंतिम सांस; कांग्रेस नेता बाबूलाल मेघवाल ने व्यक्त की संवेदना
सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज.बीकानेर। बीकानेर के जाने-माने भजन सम्राट और लोकप्रिय भजन गायक कलाकार चुन्नीलाल पन्नू का शुक्रवार, 28 नवंबर 2025 को स्वर्गवास हो गया। वे लोकप्रिय मित्र हनुमान पन्नू के पूज्य पिताजी थे। उनके निधन की खबर से बीकानेर के कला, संगीत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है। कांग्रेस और मेघवाल समाज के कई नेताओं ने चुन्नीलाल पन्नू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कांग्रेस नेता बाबूलाल मेघवाल सहित उनके साथियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। विनम्र श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए बाबूलाल मेघवाल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “पुण्य आत्मा को ईश्वर अपने चरणों में स्थान दें और हनुमान पन्नू तथा पूरे परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।” भजन सम्राट चुन्नीलाल पन्नू को उनकी मधुर आवाज और भजनों के माध्यम से समाज में दिए गए योगदान के लिए याद किया जाएगा।
