भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी। नोबल साइंस एकेडमी, पचेरी बड़ी के छात्र ईशांत जांगिड़ पुत्र संतोष जांगिड़, निवासी गांव थली, तहसील बुहाना का मात्र 17.5 वर्ष की उम्र में इंटेलिजेंस ब्यूरो ऑफ इंडिया (I.B.) में चयन हुआ है। ईशांत की इस उपलब्धि से परिवार, गांव और नोबल साइंस एकेडमी में खुशी का माहौल है। ईशांत के पिता संतोष जांगिड़ गांव में ही मिस्त्री एवं मकान निर्माण का कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे की मेहनत, लगन और अनुशासन ने परिवार का नाम रोशन किया है। पिता ने बेटे की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि ईशांत ने छोटी उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर परिवार और गांव का मान बढ़ाया है। नोबल साइंस एकेडमी परिवार ने ईशांत जांगिड़ को इंटेलिजेंस ब्यूरो में चयन होने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नोबल शिक्षण समूह के डायरेक्टर इंजीनियर संदीप नेहरा ने बताया कि ईशांत का एक साथ चार सरकारी नौकरियों में चयन होना ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। ईशांत की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो ग्रामीण परिवेश से आने वाले विद्यार्थी भी कम उम्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। गांव थली सहित पूरे क्षेत्र में ईशांत की इस उपलब्धि पर खुशी की लहर है।
“ईशांत की सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा” — इंजीनियर संदीप नेहरा
नोबल शिक्षण समूह के डायरेक्टर इंजीनियर संदीप नेहरा ने ईशांत जांगिड़ के इंटेलिजेंस ब्यूरो में चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि ईशांत ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर नोबल परिवार, अपने माता-पिता और गांव थली का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ईशांत की मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी सही मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम से बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं। इंजीनियर संदीप नेहरा ने ईशांत को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक साथ चार सरकारी नौकरियों में चयन होना अत्यंत गर्व की बात है और यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।
