भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। बुहाना-पचेरी मार्ग पर शिवसिंहपुरा मोड़ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बीएसएफ जवान विनोद कुमार की मौत के बाद आखिरकार पीडब्ल्यूडी विभाग की नींद खुलती नजर आई है। हादसे के बाद विभाग ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है।
हालांकि इस कार्रवाई के साथ ही आमजन के बीच एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है कि आखिर विभाग को सड़क के गड्ढे किसी की जान जाने के बाद ही क्यों दिखाई देते हैं।गौरतलब है कि जयसिंहपुरा निवासी बीएसएफ जवान विनोद कुमार अपने दोनों पुत्रों के साथ बाइक पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ा और सामने से आ रही ईको गाड़ी से टक्कर हो गई। इस हादसे में जवान की मौत हो गई, जबकि उनके दोनों पुत्र घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया था।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने लगातार सड़क की खराब स्थिति को जिम्मेदार ठहराया। लोगों का कहना है कि बुहाना-पचेरी मार्ग पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। कई बार शिकायतें करने और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मांग उठाने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लेकिन जैसे ही एक जवान की जान चली गई, विभाग मरम्मत कार्य में जुट गया।
हालांकि विभाग द्वारा सड़क पर कंकड़ और निर्माण सामग्री डालकर गड्ढे भरने का काम किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण इसे स्थायी समाधान नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि यह केवल लीपापोती है। बरसात या भारी वाहनों की आवाजाही के बाद यह सामग्री फिर उखड़ जाएगी और सड़क दोबारा मौत के गड्ढों में बदल जाएगी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि विभाग नियमित निरीक्षण करता और समय रहते सड़क की मरम्मत करवा देता तो शायद देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान की जान नहीं जाती। लोगों का कहना है कि हर बार किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग सक्रिय होता है, जबकि जिम्मेदारी यह होनी चाहिए कि दुर्घटना होने से पहले ही खतरनाक स्थानों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत करवाई जाए। बल्कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे भविष्य में किसी परिवार को अपना बेटा, पति या पिता न खोना पड़े।
दैनिक भीम प्रज्ञा की खबर का असर
दैनिक भीम प्रज्ञा ने बुहाना-पचेरी मार्ग की बदहाल सड़क और हादसों के खतरे को लेकर लगातार प्रिंट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जनहित का मुद्दा उठाया। 10 जून के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित “सीमा का सिपाही सड़क के गड्ढे से हार गया” शीर्षक खबर में बीएसएफ जवान विनोद कुमार की मौत के लिए सड़क पर बने खतरनाक गड्ढों को जिम्मेदार बताते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए थे। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और सड़क मरम्मत कार्य शुरू किया। हालांकि आमजन का कहना है कि केवल खानापूर्ति नहीं, बल्कि स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
