मोखरा खास पंचायत ने डीएसपी से की मुलाकात, दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जताया रोष
भीम प्रज्ञा न्यूज | रोहतक . अशोक मेहरा। महम ब्लॉक के गांव मोखरा खास निवासी मृतक सुरेश के मामले में पांच दिन तक चले गतिरोध के बाद आखिरकार रोहतक पीजीआई स्थित मोर्चरी हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि परिजनों और ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि आरोपितों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। जानकारी के अनुसार मृतक सुरेश का शव पिछले पांच दिनों से रोहतक मोर्चरी हाउस के फ्रीजर में रखा हुआ था। मामले में कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन तथा ग्रामीणों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण अंतिम संस्कार टलता रहा। मंगलवार को मोखरा खास की सरपंच मंजू बाला के पति जितेंद्र उर्फ जोनी, मोखरा की सरपंच लक्ष्मी के पति ईश्वर सिंधु, मनजीत मेहरा, मनजीत मोखरा, प्रदीप सिंधु, सुरेश लोहिया, राजकुमार लोहिया सहित अन्य ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने डीएसपी दिलीप सिंह से मुलाकात कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। डीएसपी द्वारा निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि मामले में नामजद छह आरोपितों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका आरोप है कि यदि बिना गिरफ्तारी के अंतिम संस्कार कर दिया गया तो मामले में लीपापोती होने की आशंका है और मृतक को न्याय नहीं मिल पाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक सभी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गांव में बना हुआ है तनावपूर्ण माहौल
मामले को लेकर गांव मोखरा खास में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा सभी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस मामले को लेकर लोगों में भारी चर्चा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
